स्वच्छ सर्वेक्षण 2025: मुनिकीरेती-ढालवाला पालिका की छापेमारी, 34 चालान कर 6400 रुपये जुर्माना

ऋषिकेश/ 28 मार्च 2026
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा शहर में गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलिथीन के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 34 चालान किए गए, जिनसे 6400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
शनिवार को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम जानकी झूला क्षेत्र में एकत्र हुई। इसके बाद टीम ने क्षेत्र में रेहड़ी-फड़ और दुकानों के आसपास गंदगी व सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान रेहड़ियों के आसपास गंदगी पाए जाने पर 30 चालान किए गए, जबकि पॉलिथीन का प्रयोग करने पर 4 चालान किए गए। इन सभी चालानों से कुल 6400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती ने इस दौरान सभी रेहड़ी-फड़ विक्रेताओं से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर सफाई निरीक्षक कमल चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, रंजन कंडारी सहित नगर पालिका की टीम मौजूद रही।

