चारधाम यात्रा से पहले ऋषिकेश में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप

ऋषिकेश। 10 अप्रैल 2026
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए ऋषिकेश में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर को यातायात और व्यवस्था की दृष्टि से सुचारू बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया।
हरिद्वार रोड स्थित नटराज चौक से लेकर मनसा देवी चौक तक तथा योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के आसपास नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए कई ठेली-फड़ और अस्थायी दुकानों को हटाया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई फड़-फेरी वाले प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही अपना सामान समेटते नजर आए। टीम ने सड़क और फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण को हटाते हुए लोगों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी।
नगर निगम ऋषिकेश के नगर आयुक्त गोपाल राम ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु ऋषिकेश पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था और सुगमता बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को चारधाम यात्रा से पहले शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

