चारधाम यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत तेज, डीएम के निर्देश पर दिन-रात काम

Lok Kesari News
हरिद्वार, 26 अप्रैल 2026।
चारधाम यात्रा के दृष्टिगत हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्य हेतु खोदी गई सड़कों की मरम्मत अब तेज गति से की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद संबंधित विभागों द्वारा दिन-रात निर्माण कार्य कर सड़कों को जल्द दुरुस्त करने का अभियान चलाया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी खोदी गई सड़कों का मरम्मत कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों एवं तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम, मीनाक्षी मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 एवं पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को पैकेज-01 के अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में 220 मीटर बिटुमिनस सड़क का कार्य पूर्ण किया गया। वहीं पैकेज-02 में गणपतिधाम फेस-3 में 105 मीटर, द्वारका विहार में 30 मीटर तथा त्रिलोक नगर पावर ब्लॉक में 62 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 417 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सड़कों की मरम्मत का कार्य लगातार जारी है और इसे जल्द से जल्द पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान आवागमन सुगम बनाया जा सके।
