Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंरुड़कीहरिद्वार

वैशाखी स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैनात फोर्स को किया गया ब्रीफ


हरिद्वार। 12 अप्रैल 2026

वैशाखी स्नान पर्व एवं सद्भावना सम्मेलन के मद्देनज़र जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तैनात फोर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि स्नान पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जिसे देखते हुए सभी कर्मियों को सतर्कता, संयम और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरे मेला क्षेत्र में सक्रिय रहकर महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया।
जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत व्यक्तियों से समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जीआरपी और आरपीएफ के संपर्क में रहकर रेल मार्ग से आने वाले यात्रियों की संख्या पर नजर रखने को कहा गया, ताकि समय रहते बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
बम निरोधक दस्ते (BDS) और श्वान दल को 24 घंटे एंटी-सबोटाज चेकिंग करते हुए पूरे मेला क्षेत्र में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी द्वारा जारी प्रमुख दिशा-निर्देशों में भीड़ बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग, प्रत्येक पुलिसकर्मी द्वारा अपने ड्यूटी पॉइंट पर जिम्मेदारी से कार्य करना, मनसा देवी व चंडी देवी मंदिरों में कतार व्यवस्था बनाए रखना, महिला घाटों पर विशेष निगरानी, जल पुलिस द्वारा घाटों पर सतत चौकसी, हर की पैड़ी क्षेत्र से भिखारियों को हटाकर आवागमन सुगम बनाना शामिल है।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने, भीड़ नियंत्रण के लिए घुड़सवार पुलिस की तैनाती, राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा पर्व अवधि में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान मोबाइल के अनावश्यक उपयोग व नशे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, श्रद्धालुओं के साथ शिष्ट व्यवहार बनाए रखने तथा सभी कर्मियों को अनुशासन व स्वच्छ वर्दी में ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसपी क्राइम/यातायात, एसपी देहात, एसपी संचार सहित पुलिस एवं प्रशासन के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।