शिवभक्तों की सेवा में झुके मुख्यमंत्री धामी, चरण धोकर किया कांवड़ियों का अभिनंदन

कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ कर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण मित्रों का बढ़ाया हौसला, बोले—आस्था के साथ सुविधाओं का भी रखा जा रहा ध्यान
हरिद्वार। 4 अगस्त 2026
श्रावण कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर शिवभक्तों के प्रति अपनी श्रद्धा और सेवा भावना का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया और देवभूमि पहुंचे कांवड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके चरण धोए। इस दौरान उन्होंने शिवभक्तों की सेवा को अपना सौभाग्य बताते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए जा रहे इंतजामों का जायजा भी लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। देश के कोने-कोने से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा करना देवभूमि के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार का संकल्प है कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित एवं सुखद वातावरण में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें।
पर्यावरण मित्रों का सम्मान, स्वच्छ कांवड़ यात्रा का संदेश
मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटे पर्यावरण मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विशाल कांवड़ मेले को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। लाखों श्रद्धालुओं के बीच स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसे ये कर्मठ कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभा रहे हैं।
‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए उत्तराखंड सरकार विकास के साथ अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को प्राथमिकता दे रही है। चारधाम यात्रा से लेकर कांवड़ यात्रा तक श्रद्धालुओं की सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार और प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।
‘संयम और शुचिता के साथ पूरी करें पवित्र यात्रा’
मुख्यमंत्री ने शिवभक्त कांवड़ियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान संयम, अनुशासन और शुचिता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांवड़िये पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित मार्गों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में सहभागी बनें।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

