समायोजन और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अस्थायी शिक्षकों ने उच्च शिक्षा मंत्री से की मुलाकात

देहरादून, 3 अगस्त।
उच्च शिक्षा विभाग के प्रभावित एवं कार्यरत अस्थायी शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से यमुना कॉलोनी स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर समायोजन, सेवा सुरक्षा, वेतन वृद्धि और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की मांग उठाई।
शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रभावित अस्थायी शिक्षक पिछले करीब दो वर्षों से अपने भविष्य को लेकर न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कई बार ज्ञापन, बैठक और आश्वासन दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया है। वहीं कार्यरत अस्थायी शिक्षक भी बेहद कम वेतन पर सेवाएं देने को मजबूर हैं। उन्होंने सभी अस्थायी शिक्षकों के लिए न्यायसंगत एवं स्थायी नीति बनाने और वेतन वृद्धि की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। सरकार को समयबद्ध और ठोस निर्णय लेना चाहिए। यह मामला केवल रोजगार का नहीं, बल्कि शिक्षकों के सम्मान, सेवा सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा हुआ है।
मुलाकात के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए पत्र पर निदेशक, उच्च शिक्षा को पदों तथा अन्य पदों के सापेक्ष रिक्तियों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को भी कहा।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि समायोजन, वेतन वृद्धि और भविष्य की सुरक्षा को लेकर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रभावित एवं कार्यरत अस्थायी शिक्षक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन की आगामी रणनीति तय करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट रहने का आह्वान किया।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. रोहित, डॉ. मोहित, डॉ. मनोज, डॉ. शैलेश, डॉ. सरन, डॉ. प्रवेश, डॉ. चिंतामणि, डॉ. राकेश, डॉ. ममता, डॉ. जयहरी, डॉ. रणजीत, डॉ. ब्रह्मराज, डॉ. बबलू, डॉ. बिपिन, डॉ. प्रियंका, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. ममता सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

