सरकारी नौकरी में चयनित युवाओं को मुख्यमंत्री धामी का संदेश, निष्पक्षता व ईमानदारी से निभाएं दायित्व

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं से ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ जनसेवा करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार राज्य का मुख्य सेवक बनने का दायित्व सौंपा। जनादेश की भावना के अनुरूप कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही राज्य सरकार ने बेरोजगारी की समस्या को दूर करने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब युवा अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए कठोर नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने योग्य युवाओं को उचित अवसर और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि राजकीय सेवक के रूप में चयनित होना न केवल युवाओं और उनके परिवारों के लिए, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित कार्मिकों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजकीय सेवकों को मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए आमजन की सेवा में सदैव तत्पर रहना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर संवाद भी किया और उन्हें उत्साहपूर्वक जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

