केन्द्रीय विद्यालय आईडीपीएल की भूमि हस्तांतरण पर आभार समारोह, सांसद त्रिवेंद्र रावत का भव्य स्वागत

Lok Kesari News
ऋषिकेश। 25 अप्रैल 2026
केन्द्रीय विद्यालय आईडीपीएल ऋषिकेश के पक्ष में 2.41 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरण होने पर विद्यालय प्रांगण में आभार एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत का विद्यालय परिवार और अभिभावकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्या उर्मिला आर्या ने सांसद के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय में कक्षा 1 एवं 2 के प्रवेश शीघ्र प्रारंभ करवाने का आग्रह किया। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा ने इस महत्वपूर्ण कार्य को संपन्न कराने हेतु सांसद का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के नवीन भवन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग रखी।
कार्यक्रम के दौरान आईडीपीएल प्लांट की 103 एकड़ भूमि पर सेमीकंडक्टर प्लांट अथवा डाटा सेंटर स्थापित करने की भी मांग उठाई गई, जिससे क्षेत्र में लगभग 10 हजार परिवारों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई।
अपने संबोधन में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भूमि हस्तांतरण को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने आईडीपीएल भूमि पर प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में गंभीर प्रयास करने का आश्वासन दिया।
बापूग्राम क्षेत्र की समस्याओं पर बोलते हुए सांसद ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से वार्ता की जा चुकी है और शीघ्र ही स्थायी समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि मामला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित होने के कारण कुछ विलंब हो रहा है, लेकिन प्रभावितों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर रविंद्र सिंह राणा (निवर्तमान जिलाध्यक्ष), ज्योति सिंह सजवाण, संदीप गुप्ता, देवेंद्र नेगी, अनिता ममगाईं, किशन सिंह नेगी, गणेश रावत, कृष्ण कुमार सिंघल, ममता नेगी, प्रमिला त्रिवेदी, हेमलता चौहान, पूनम डोभाल, सुमन रावत, हर्षवर्धन रावत, सचवीर भंडारी, राजेश कोटियाल, मुस्कान, दिनेश रावत, संजय ध्यानी, राजेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र सिंह नेगी एवं विनोद नाथ सहित अन्य लोग शामिल रहे।

