News

ऋषिकेश में 351 ग्राम चरस के साथ नेपाली मूल की महिला गिरफ्तार


ऋषिकेश। कोतवाली क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक नेपाली मूल की महिला को 351 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला का चालान कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को नियमित चेकिंग के दौरान मां नन्दा ट्रेडर्स फैब्रिकेटर के पास संदिग्ध महिला को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 351 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम कृष्णा नेवपाने पुत्री पित्री प्रसाद नेवपाने निवासी ग्राम कौलपुर, थाना कौलपुर, बांके जिला नेपालगंज (नेपाल) हाल निवासी हरिपुर कलां थाना रायवाला, जनपद देहरादून (उम्र 52 वर्ष) बताया।
मोटे मुनाफे के लालच में उठाया कदम
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और वर्तमान में हरिपुर कलां में रहकर सब्जी की दुकान चलाती है। उसकी दुकान पर आए एक व्यक्ति ने उसे मोटे मुनाफे का लालच देकर चरस बेचने के लिए दी थी। महिला ने बताया कि उसने उक्त चरस 40 हजार रुपये में खरीदी थी और उसे आगे बेचने की फिराक में थी, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, चरस उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है।