NewsPostउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंरुड़कीशिक्षा जगतहरिद्वार

कोई भी छात्र किताबों से वंचित न रहे – शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। 2 अप्रैल लगी 2026
कोई भी छात्र किताबों से वंचित न रहे – शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
देहरादून। नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के राजकीय और अशासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की जा रही हैं। पहले दिन प्रदेशभर के स्कूलों में विभिन्न विषयों की 3 लाख 59 हजार 300 किताबें छात्रों को दी गईं।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर, देहरादून से वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी छात्र किताबों के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि एक सप्ताह के भीतर सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत किताबें पहुंचाई जाएं और उनका वितरण सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने बताया कि यह पहली बार है जब नए सत्र की शुरुआत के साथ ही छात्रों को समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। इससे बच्चों को पढ़ाई शुरू करने में आसानी होगी।

उन्होंने सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए 7 अप्रैल को सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर संविधान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

बैठक में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कंचन देवराड़ी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।