Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

नशे में ड्राइविंग पर सख्ती: पौड़ी पुलिस का बड़ा अभियान, 13 चालक पकड़े गए


पौड़ी। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ रखा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान 13 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। इनमें कोटद्वार से 9, पौड़ी से 1, सतपुली से 1, रिखणीखाल से 1 तथा यातायात कोटद्वार क्षेत्र से 1 चालक शामिल है। सभी आरोपियों के वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, वहीं उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अभियान के दौरान पुलिस ने केवल नशे में ड्राइविंग ही नहीं, बल्कि अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाई। रैश ड्राइविंग, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग जैसे मामलों में भी कार्रवाई करते हुए कुल 46 चालकों के खिलाफ चालान किया गया। इसमें कोटद्वार से 26, श्रीनगर से 1, लक्ष्मणझूला से 10, सतपुली से 1, लैंसडाउन से 2, यातायात कोटद्वार से 4 तथा महिला थाना श्रीनगर से 2 चालान शामिल हैं।
इसके अलावा जनपदभर में कुल 146 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।