बंगाला नाले पर बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 2.33 करोड़ स्वीकृत, पहली किस्त जारी

ऋषिकेश, 2 अगस्त 2026
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के गुमानीवाला और भट्टोवाला क्षेत्र में बंगाला नाले पर बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए 233.23 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत होने तथा 139.94 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार जताया।
रविवार को जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता ऋषिकेश स्थित डॉ. अग्रवाल के कैंप कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुलदस्ता भेंट करने के साथ शॉल ओढ़ाकर विधायक का सम्मान किया। उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ एवं जलभराव की समस्या के समाधान के लिए धनराशि स्वीकृत कराने पर डॉ. अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बंगाला नाले पर बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरा होने के बाद बरसात के दौरान गुमानीवाला और भट्टोवाला क्षेत्र में होने वाले जलभराव एवं बाढ़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने संबंधित विभाग को कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान एवं मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा श्यामपुर दीपा राणा, उपप्रधान भट्टोवाला रविंदर रमोला, पूर्व उपप्रधान हरपाल राणा, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, उमेद सिंह रौथाण, गजेंद्र राणा, जोधपाल सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

