News

एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया प्रॉपटी डीलर रविन्द्र के हत्याकाण्ड का खुलासा, लेन-देन के विवाद में मामा ने की थी हत्या

हरिद्वार, संजय राजपूत। एसएसपी कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस. ने आज की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में चार दिन पूर्व हुई प्रोपर्टी डीलर रविन्द्र के हत्याकांड का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि कनखल थाना क्षेत्र के ग्राम जमालपुर कलां में हुए प्रोपर्टी डीलर रविन्द्र हत्याकांड का पुलिस ने 04 दिन बाद खुलासा कर दिया है। प्रोपर्टी से जुड़े लेने-देन को लेकर हए विवाद में ही प्रोपर्टी डीलर रविन्द्र की हत्या की गई थी। मृतक प्रोपर्टी डीलर के रिश्तेदार पेनल्टी मामा उर्फ किशोर कुमार ने ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने पेनल्टी की मदद करने वाले उसके साथी विनोद शर्मा और धर्मेंद्र को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि मृतक रविन्द्र के मित्र सुखपाल का आरोपी विनोद शर्मा के साथ लेन-देन का विवाद चल रहा था। 18 जुलाई को एक बर्थडे पार्टी में सभी लोग एकत्रित हुए जहां विवाद सुलझाने की कोशिश की गई परन्तु मामला सुलझने की बजाय और बिगड़ गया। दोनो पार्टियों का आपस मे झगड़ा हो गया और रात में ही पेनल्टी मामा उर्फ किशोर ने घर में घुसकर सोए हुए रविन्द्र के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। हत्याकांड में विनोद शर्मा और धर्मेंद्र ने भी पेनल्टी की मदद की थी। इन दोनों आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पेनल्टी की निशानदेही पर विनोद शर्मा के घर से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का देसी तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के गुड वर्क की सराहना करते हुए उन्हें ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा की है।