नवरात्र में धामी कैबिनेट का विस्तार,पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ

ऋषिकेश/ 20 मार्च 2026
हरादून। उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चर्चाओं में चल रहा कैबिनेट विस्तार आखिरकार नवरात्र के शुभ अवसर पर साकार हो गया। शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामयी समारोह में पुष्कर सिंह धामी सरकार ने पांच नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे।

समारोह में भरत सिंह चौधरी द्वारा संस्कृत में शपथ लेने का अंदाज खास आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। लंबे समय से मंत्रिमंडल में खाली चल रहे पांच पदों को भरते हुए सरकार ने संगठनात्मक संतुलन साधने का प्रयास किया है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह विस्तार आगामी चुनावों को देखते हुए अहम माना जा रहा है। इससे सरकार को जहां संगठनात्मक मजबूती मिलेगी, वहीं प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। अब नजर इस बात पर टिकी है कि नए मंत्री अपने दायित्वों का निर्वहन किस तरह करते हैं।

