News

अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में उत्कृष्ट व्याख्यान व संयोजन के लिए डॉ. नरेश चौधरी सम्मानित

हरिद्वार, 21 मार्च 2026

अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के अवसर पर गढ़वाल मंडल विकास निगम ने ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर (डॉ.) नरेश चौधरी को उत्कृष्ट व्याख्यान एवं सराहनीय संयोजन के लिए सम्मानित किया। यह महोत्सव उत्तराखंड सरकार द्वारा पर्यटन विभाग और गढ़वाल मंडल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से आए विषय विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दे रहे हैं।
महोत्सव के दौरान डॉ. नरेश चौधरी ने “योग का आपदा प्रबंधन में विशेष महत्व” तथा “योग और आयुर्वेद से रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि” विषयों पर विशेष व्याख्यान दिए। उनके उत्कृष्ट योगदान और आयोजन में सक्रिय भूमिका के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक लक्ष्मी राज चौहान ने उत्तराखंड शासन की ओर से उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. चौधरी ने कहा कि आपदा की परिस्थितियों में योग और आयुर्वेद प्रभावित लोगों को मानसिक तनाव से मुक्त करने के साथ-साथ उनकी रोगों से लड़ने की क्षमता को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद शरीर को पुनः सशक्त बनाता है, जबकि योग मन और चेतना को संतुलित करता है। दोनों पद्धतियां मिलकर व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने केदारनाथ आपदा 2013 और कोविड-19 महामारी के दौरान किए गए अपने अनुभवों को भी प्रतिभागियों के साथ साझा किया और बताया कि ऐसी परिस्थितियों में योग, प्राणायाम और आयुर्वेदिक जीवनशैली लोगों को तनाव और अवसाद से बाहर निकालने में सहायक सिद्ध होती है।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने भी डॉ. चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने शैक्षणिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक सेवा और जनजागरूकता के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर निगम के अपर महाप्रबंधक दीपक रावत और गंगा रिसोर्ट के प्रबंधक राजेंद्र ढौड़ियाल ने भी डॉ. नरेश चौधरी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया।