News

​चारधाम यात्रा होगी और भी सुरक्षित: बसों में मिलेंगे फर्स्ट एड किट और डस्टबीन, UPI से कटेगा चालान


​देहरादून। 31 मार्च 2026

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता के लिए अच्छी खबर है। अब पहाड़ों का सफर न सिर्फ सुरक्षित होगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से भी लैस होगा। देहरादून में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं।

​कूड़े के लिए डस्टबीन और चोट पर तुरंत मरहम
​बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि आगामी चारधाम यात्रा के दौरान बसों में श्रद्धालुओं के लिए डस्टबीन बैग और फर्स्ट एड किट (प्राथमिक चिकित्सा) उपलब्ध कराई जाएगी। इससे यात्रा के दौरान सफाई भी रहेगी और किसी की तबीयत बिगड़ने या हल्की चोट लगने पर तुरंत इलाज भी मिल सकेगा।
​ब्लैक स्पॉट्स का होगा पक्का इलाज

सडको पर जिन जगहों पर सबसे ज्यादा हादसे होते हैं (ब्लैक स्पॉट्स), उनका अब वैज्ञानिक तरीके से सुधार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि ‘सुरक्षित यात्रा’ के संकल्प को धरातल पर उतारा जाए। इसके अलावा, अब जुर्माना भरने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे; UPI और QR कोड के जरिए मौके पर ही चालान का भुगतान आसानी से हो सकेगा।

​पहाड़ों के दुर्गम रास्तों पर चलेंगी छोटी बसें

​पहाड़ के दूरदराज और तंग रास्तों पर रहने वाले लोगों के लिए सरकार छोटी बसों का संचालन शुरू करने जा रही है। खास बात यह है कि इन बसों का किराया भी कम यानी रियायती दरों पर रखा जाएगा, ताकि गांव-गांव तक बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

​एक महीने में बदलेगी परिवहन निगम की तस्वीर

​परिवहन निगम की कमाई बढ़ाने के लिए खाली जमीनों और डिपो पर मल्टीपर्पज इन्फ्रास्ट्रक्चर (दुकानें, होटल या अन्य सुविधाएं) विकसित करने की योजना है। मंत्री जी ने इसके लिए अधिकारियों को एक महीने के भीतर पूरी रिपोर्ट सौंपने का समय दिया है।

परिवहन मंत्री ने कहा

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य उत्तराखंड को तकनीक से लैस और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था देना है। यात्रियों का संतोष ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”