NewsPostउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनराजनीतीरुड़कीहरिद्वार

प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के दौरे को लेकर कांग्रेस सक्रिय, हरिद्वार में मंथन

हरिद्वार, 7 अप्रैल 2026।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस में गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल विभिन्न जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को गणेश गोदियाल हरिद्वार पहुंचे, जहां जयराम आश्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों और तैयारियों पर चर्चा की।
पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी संगठन को मजबूत करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
पीसीसी कमेटी के गठन में हो रही देरी के सवाल पर गोदियाल ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव की व्यस्तता के कारण इसमें विलंब हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश प्रभारी के दौरे के बाद जल्द ही नई पीसीसी कमेटी की घोषणा कर दी जाएगी।
वहीं हरीश रावत को राज्यपाल बनाए जाने को लेकर यशपाल आर्य के बयान पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर अभी दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है, बातचीत के बाद ही इस पर कोई टिप्पणी की जा सकती है।
इस अवसर पर जयराम आश्रम के परम अध्यक्ष ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी ने कांग्रेस अध्यक्ष से नए और पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की बात कही और 10 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में अमन गर्ग, रामयश सिंह, संतोष चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।