Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

नीरगट्टू वॉटरफॉल में हादसा, 200 मीटर खाई में गिरा युवक—SDRF ने बचाई जान

ऋषिकेश। 12/अप्रैल 2026

शनिवार शाम नीरगट्टू (नीर गुड्डू) वॉटरफॉल क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे के बीच राहत की खबर सामने आई, जहां खाई में गिरे एक युवक को एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, शाम 18:56 बजे डीसीआर टिहरी गढ़वाल को सूचना मिली कि नीरगट्टू वॉटरफॉल क्षेत्र में एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला टीम उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में मात्र दो मिनट के भीतर, 18:58 बजे आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि दिल्ली से आए 10 पर्यटकों का एक समूह वॉटरफॉल घूमने आया था। वापसी के दौरान क्यार्की गांव के पास सनसाइड व्यू पॉइंट पर रुकने के दौरान समूह का सदस्य प्रेम कुमार ठाकुर (20 वर्ष) पैराफिट पर बैठा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्गम और जोखिम भरे क्षेत्र में टीम ने आधुनिक रोप तकनीक और उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई। टीम की कुशलता और साहस के चलते युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के बाद घायल युवक को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।