Newsउत्तराखंडक्राइम न्यूज़गुजरातताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा, 11 लाख की ठगी—मुख्य आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप बनाकर रचा गया साइबर ठगी का जाल, अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पौड़ी पुलिस

कोटद्वार/पौड़ी:13 अप्रैल 2026

एसएसपी पौड़ी के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 12 दिसंबर 2025 को कोटद्वार निवासी अनिल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फेसबुक के माध्यम से उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया। आरोपी द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़ गए, जहां आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर उनसे विभिन्न माध्यमों से कुल ₹11.10 लाख की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
इस मामले में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस के जरिए जांच आगे बढ़ाई।
जांच में सामने आया कि यह पूरा साइबर ठगी नेटवर्क गुजरात से संचालित हो रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 10 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद से मुख्य आरोपी रहेवर राजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करता था।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।