Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

डेयरी क्षेत्र में डिजिटल क्रांति: ईआरपी प्रणाली लागू, ‘आंचल’ को मिलेगा राष्ट्रीय विस्तार

Lok Kesari News

देहरादून। 16 अप्रैल 2026

प्रदेश के डेयरी क्षेत्र को आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में गुरुवार को एक अहम पहल की गई। पशुपालन, दुग्ध विकास एवं कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में उत्तराखंड कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (यूसीडीएफ) और प्रदेश के दुग्ध संघों में ईआरपी (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) प्रणाली का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में यूसीडीएफ और टाटा कंज्यूमर्स प्रा. लि. के बीच ‘बद्री गाय घी’ और पहाड़ी घी के विपणन हेतु एमओयू भी हस्ताक्षरित किया गया। इससे ‘आंचल’ ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई गई।
मंत्री बहुगुणा ने कहा कि ईआरपी प्रणाली लागू होने से दुग्ध उपार्जन से लेकर प्रसंस्करण, भंडारण और विपणन तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी बनेगी। इससे दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान, गुणवत्ता सुधार और योजनाओं का बेहतर लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि छह माह के भीतर सभी दुग्ध संघों में यह प्रणाली लागू कर दी जाएगी।
उन्होंने टाटा कंज्यूमर्स के साथ हुए समझौते को डेयरी क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे किसानों को बेहतर मूल्य और बाजार मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में औसत दैनिक दुग्ध उपार्जन 2.37 लाख लीटर रहा, जबकि आगामी वर्ष के लिए 3.25 लाख लीटर प्रतिदिन का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव सुरेश चंद्र जोशी, उपसचिव महावीर सिंह परमार, यूसीडीएफ के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा सहित विभिन्न दुग्ध संघों के अध्यक्ष व प्रबंधक मौजूद रहे।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले चारा एफपीओ को सम्मानित किया गया, जबकि दुग्ध संघ नैनीताल की तीन महिला उत्पादकों को 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए। हरिद्वार और उत्तरकाशी दुग्ध संघों को भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
साथ ही पांच नए बद्री गाय ग्रोथ सेंटर और सितारगंज में दुग्ध चूर्ण व आइसक्रीम संयंत्र स्थापित करने की घोषणा की गई।