आयुष सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ, आयुष और वेलनेस क्षेत्र को मिलेगी डिजिटल गति

‘
देहरादून। आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं निदेशालय, देहरादून में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने ‘आयुष सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पोर्टल केवल एक डिजिटल मंच नहीं, बल्कि सरकार और आयुष क्षेत्र के बीच प्रभावी डिजिटल सेतु के रूप में काम करेगा। इसके माध्यम से आयुष, योग एवं वेलनेस क्षेत्र में तकनीक, पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि पोर्टल के जरिए वेलनेस केंद्रों और प्रमाणित योग प्रशिक्षकों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकेगा। इसके अलावा विभिन्न प्रोत्साहनों एवं प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन करने और आवेदन की स्थिति की ऑनलाइन निगरानी की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
‘आयुष सेतु’ के माध्यम से योग केंद्रों के लिए पूंजीगत अनुदान, योग प्रशिक्षकों की फीस, योग प्रमाणन बोर्ड की परीक्षा शुल्क प्रतिपूर्ति तथा योग अनुसंधान अनुदान जैसी सुविधाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। इससे संबंधित प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही लाभार्थियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आयुष, योग एवं वेलनेस क्षेत्र को रोजगार, पर्यटन, उद्यमिता और ग्रामीण विकास से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को वैश्विक आयुष एवं वेलनेस केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार की ओर से अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। ‘आयुष सेतु’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आयुष एवं वेलनेस क्षेत्र से जुड़े संस्थानों, प्रशिक्षकों और उद्यमियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने में सहायक होगा।
मंत्री ने विश्वास जताया कि ‘आयुष सेतु’ पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के आयुष एवं वेलनेस क्षेत्र को नई गति मिलेगी और रोजगार तथा उद्यमिता के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

