ज्वैलर्स मोरा तारा शोरूम पर दिन दहाड़े पड़ी डकैती,उप निरीक्षक लाईन हाजिर

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत आधा दर्जन हथियार बंद बदमाशों ने मोरा तारा ज्वैलर्स के यहां दिनदहाडे डकैती डाल कर पुलिस को चुनौती दे डाली। बताया जा रहा हैं कि हथियारबंद बदमाश गार्ड व स्टाफ को तमंचे की नोक पर बंधक बनाकर उनको स्टोर में बंद कर दिया। जिसके बाद बदमाशों ने पौने घंटे तक शोरूम को खंगालते हुए वहां से लाखों की नगदी, सोने चांदी और हीरे के करोड़ों के जेवरात लूटकर फरार हो गये। ज्वैलर्स के यहां दिनदहाडे पड़ी डकैती की सूचना से पुलिस विभाग हड़कम्प मच गया। सूचना एसपी सिटी सहित पुलिस अधिकारी मय बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने गार्ड सहित ज्वैलर्स शोरूम कर्मियों से घटना की जानकारी लेते शोरूम के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जानकारी के अनुसार ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत एक्सिस बैंक के सामने मोरा तारा ज्वैलर्स के यहां पर गुरूवार की दोपहर को मास्क लगाकर आध दर्जन युवक दाखिल हुए। बताया जा रहा हैं कि शोरूम में तैनात गार्ड ने दाखिल होने वाले युवकों को सैनिटाईजर दिया, इसी दौरान मौका देखते हुए मास्क पहने युवकों ने तमंचे निकाल कर गार्ड और स्टॉफ को फिल्मी अंदाज में अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा हैं कि हथियारबंद बदमाशों ने भीतर के शीशे का दरवाजा भीतर से लॉक कर गार्ड सहित स्टाफ के हाथ पैर बांध कर उनको एक स्टोर में बंद कर दिया। बताया जा रहा हैं कि बदमाशों ने शोरूम की लाईट तक बंद कर दी। जिसके बाद करीब पौने घंटे तक हथियारबंद बदमाशों ने शोरूम को खंगालते हुए लाखों की नगदी व सोने चांदी और हीरे के करोडों के जेवरात लेकर फरार हो गये।
इसी क्रम में दिनदहाडे ज्वेलर्स शोरूम में पड़ी डकैती को एसएसपी ने गम्भीरता से लिया है। कप्तान ने सुरक्षा में कमी और सूचना देने में देरी के लिए ज्वालापुर के एक दरोगा को जिम्मेदार मानते हुए उसको लाइन हाजिर किया गया है। वहीं कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक को डकैती के खुलासे के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
