पचास हजार का ईनामी बदमाश गिरफ्तार

हरिद्वार/7 अगस्त शनिवार/ रानीपुर कोतवाली पुलिस ने पचास हजार के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 9 एमएम ऑटोमेटिक पिस्टल व 15 कारतूस बरामद हुए हैं। हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने पचास हजार का ईनाम घोषित किया हुआ है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी हरिद्वार में छिपषकर रह रहा था। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रानीपुर झाल की तरफ से आने वाले कच्चे रास्ते से टिहरी विस्थापित रपटे के पास स्कूटी पर आ रहे बदमाश को दबोच लिया।
एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस.ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अब्बास उर्फ कासिम उर्फ राजू बेचैन उर्फ अनवर हुसैन निवासी मकान नम्बर क्यू 25 गली न.18 ब्रहमपुरी 53 थाना उस्मानपुर नई दिल्ली बताया। दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर व सट्टा किंग कलुवा सूफी की हत्या करने के बाद से फरार चल रहे अब्बास पर दिल्ली पुलिस ने उस पर पचास हजार का ईनाम घोषित किया हुआ था।वर्तमान में वह ब्रह्मपुरी रावली महदूद में गारमेन्टस की दुकान चला रहा था।
