देहरादून में पीएम दौरे से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद, 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

देहरादून, 13 अप्रैल2026
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित 14 अप्रैल के दौरे को लेकर जनपद में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सोमवार को पुलिस, प्रशासन एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से ‘मिनट-टू-मिनट’ रिहर्सल कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
रिहर्सल के उपरांत पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, समन्वित और त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
पीएम दौरे के दौरान अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
वीवीआईपी रूट की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से पूर्व मार्ग का भौतिक निरीक्षण कर सभी अवरोध हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए कड़ी जांच व्यवस्था लागू की जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति की हैंड-हेल्ड एवं डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त ऊंची इमारतों, जल टंकियों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों की बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड द्वारा गहन जांच की जाएगी।
प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण एवं कार्यक्रम के उपरांत सुरक्षित निकासी के लिए भी विशेष योजना तैयार की है। डीजीपी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पीएम के दौरे को लेकर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाया जा सके।
ब्रीफिंग में महानिदेशक,अभिसूचना एवं सुरक्षा, श्री अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक/प्रधानाचार्य पीटीसी, श्री यशवंत चौहान, समस्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

