NewsPostउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदिल्लीदेहरादूनवायरल ख़बर

देहरादून में पीएम नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक रोड शो, दिल्ली–दून कॉरिडोर का लोकार्पण

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड ने मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनते हुए नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया। दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री का आगमन पूरे प्रदेश के लिए उत्सव जैसा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर की, जहां उन्होंने राज्य और देश की खुशहाली की कामना की।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने देहरादून कैंट स्थित सभा स्थल तक करीब 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। यह रोड शो कई मायनों में खास रहा, क्योंकि इसे प्रधानमंत्री का अब तक का सबसे लंबा रोड शो माना जा रहा है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग “भारत माता की जय” के नारों के साथ उनका स्वागत करते नजर आए। लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा और हर कोई प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को उत्सुक रहा।
प्रधानमंत्री ने भी हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देवभूमि से उन्हें हमेशा नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने रोड शो के दौरान मिले अपार स्नेह के लिए जनता का आभार जताया और देर से सभा में पहुंचने पर क्षमा भी मांगी।


इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच मजबूत समन्वय और आत्मीयता भी देखने को मिली। प्रधानमंत्री ने धामी को लोकप्रिय, कर्मठ और युवा मुख्यमंत्री बताते हुए राज्य में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर दौरा उत्तराखंड के लिए विकास की नई सौगात लेकर आता है। उन्होंने बताया कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना यह कॉरिडोर राज्य की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार को नई दिशा देगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी कई सड़क परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखंड में कनेक्टिविटी तेजी से मजबूत की जा रही है।
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से अब दोनों शहरों के बीच सफर लगभग ढाई घंटे में पूरा होगा। इससे चारधाम यात्रा, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी। यह कॉरिडोर उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।