News

तीन माह में सभी किसानों की बने फार्मर आईडी – कृषि मंत्री गणेश जोशी


देहरादून। 2 अप्रैल 2026

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित फार्मर आईडी से जुड़ी बैठक में उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। बैठक में किसानों की फार्मर आईडी बनाने की प्रगति और आगे की योजना पर चर्चा की गई।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड में अब तक 1 लाख 68 हजार 526 किसानों का पंजीकरण कर उनकी फार्मर आईडी तैयार की जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकृत 8 लाख 12 हजार 266 किसानों की फार्मर आईडी अगले तीन माह के भीतर विशेष कैंप लगाकर तैयार की जाए।
मंत्री ने कहा कि फार्मर आईडी बनने से किसानों को खाद और बीज आसानी से उपलब्ध होंगे और उर्वरकों की कालाबाजारी पर भी रोक लगेगी। उन्होंने खास तौर पर उधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून और नैनीताल के अधिकारियों को उर्वरक वितरण की साप्ताहिक जांच करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही अधिकारियों को संतुलित उर्वरक उपयोग सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
मंत्री ने आगामी माह प्रस्तावित ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के सफल संचालन के लिए कार्यक्रम की तिथि और कार्ययोजना जल्द तैयार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में इस अवसर पर निदेशक कृषि दिनेश कुमार, कुलपति भरसार प्रो. परविंदर कौशल, अभय सक्सेना आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।