हरिद्वार में गूंजा नारी सशक्तिकरण का संदेश, ‘नारी शक्ति वंदन’ पर मंत्री रेखा आर्या का जोर

हरिद्वार। 13 अप्रैल 2026
जनपद के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने होटल ग्रैंड पार्क में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रेस वार्ता कर महिलाओं की भागीदारी को लेकर बड़ा संदेश दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक ऐतिहासिक कदम है, जो महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त और प्रभावी भागीदारी प्रदान करेगा।
सम्मेलन के दौरान मंत्री रेखा आर्या ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी सुना। उन्होंने बताया कि महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने का विषय पिछले चार दशकों से चर्चा में रहा है। वर्ष 2010 में यह विधेयक राज्यसभा से पारित हुआ, लेकिन लोकसभा में लंबित रह गया था।
उन्होंने कहा कि 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाला विशेष संसद सत्र नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में ऐतिहासिक साबित होगा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया अध्याय जोड़ेगा।
मंत्री ने बताया कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी, जिससे महिलाएं नीति निर्माण और निर्णय लेने की प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका निभा सकेंगी। इससे नीतियां अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेंगी तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आज की नारी केवल अपेक्षा करने वाली नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली सशक्त शक्ति बनकर उभर रही है। शिक्षा, विज्ञान, राजनीति और खेल सहित हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी अलग पहचान बना रही हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा एवं नीतीश वालिया सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

